
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के बिशनपुर गांव में किराये पर रहने वाले युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। वहीं थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जता रही है।
थाना सेक्टर 58 प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि बिशनपुर गांव में रहने वाले संदीप पुत्र दशरथ ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संदीप मूल रूप से मऊ का रहने वाला था और बिशनपुर गांव में किराए पर रह रहा था। संदीप एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है।
थाना नॉलेज पार्क प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि आज सुबह किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि सेक्टर नॉलेज पार्क दो में पेड़ पर एक युवक शव लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आस पड़ोस के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने आशंका जताई कि युवक ने पेड़ से लटक कर आत्महत्या की है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। Noida News