नोएडा । थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी में एक खंडहर नुमा मकान के सामने एक युवक का शव पड़े होने की सूचना किसी ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक की टीम ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना बिसरख के थाना प्रभारी जानकारी यशपाल धामा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि शाहबेरी में खंडहर नुमा एक मकान के सामने एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम और फॉरेंसिक की टीम ने अब तक की जांच पड़ताल में पाया कि युवक नशे की हालत में औंधे मुंह गिर पड़ा जिससे उसकी नाक और मुंह जमीन में धंस गए और साथ में मिलने के चलते उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने उसकी पहचान उसके पास मिले मोबाइल फोन पर उसके चाचा से बात के बाद की है। मृतक युवक की पहचान दीपक सिंह राजावत 35 वर्ष पुत्र हातिम सिंह निवासी नगला खादर थाना बक्सर जनपद इटावा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि मृतक के कोई ऐसी गंभीर चोट भी नहीं है जिससे आशंका व्यक्त की जा सके कि उसकी हत्या की गई है, हल्की चोट हैं और प्रथम दृष्टि नेचुरल होना पाया जा रहा है।