
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के पृथला खंजरपुर गांव में रहने वाले एक युवक को चार युवकों ने घर से बुलाकर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने युवक की इस कदर पिटाई की कि युवक के सिर में 22 टांके आए हैं। पीड़ित के पिता ने नोएडा के थाना सेक्टर-113 में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के पृथला खंजरपुर सेक्टर-122 निवासी सुरेश सिंह ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि मिलन गुप्ता, विधु, पप्पू और अंकुर 13 सितंबर को उसके बेटे रोशन को घर से बुलाकर ले गए थे। चारों आरोपियों ने उसके साथ सेक्टर-122 के जनता फ्लैट के पास लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। अधमरा करने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हो फरार हो गए।
रोशन ने किसी तरह परिजनों को अपने साथ हुए हादसे की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए सेक्टर-39 स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे यहां गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने रोशन को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के होशियापुर गांव में रहने वाले दो इंजीनियरों के कमरे से चोरों ने दो लैपटॉप, मोबाइल फोन में अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के समय कमरे में रहने वाले युवक दरवाजा खोलकर सोए हुए थे। मूल रूप से लखीमपुर खीरी निवासी अमित कुमार त्रिपाठी अपने दोस्त के साथ होशियापुर गांव में उदयपाल के मकान में किराए पर रह रहे हैं।
10 सितंबर की रात को अमित कुमार त्रिपाठी अपने साथी के साथ कमरे में सोए हुए थे। सुबह जब सोकर उठे तो उन्हें कमरे में रखें दो लैपटॉप, मोबाइल फोन व बैग गायब मिला। बैग में उनके शैक्षणिक दस्तावेज सहित महत्वपूर्ण कागजात रखे हुए थे। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Noida News