
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में ईयरफोन लगाकर वॉकिंग करना इंटरमीडिएट के एक छात्र को भारी पड़ गया। कानों में ईयरफोन लगा होने के कारण छात्र का ध्यान भटक गया और संतुलन बिगड़ने के कारण तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। घायलावस्था में छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह दर्दनाक हादसा नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्रांतर्गत सेक्टर-29 में सोमवार की सुबह हुआ, जहां ईयरफोन लगाकर गाने सुन रहे एक छात्र की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी।
थाना सेक्टर 20 के कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि 17 वर्षीय सौमित्र विश्वास सेक्टर-29 में रहता था और वह इंटरमीडिएट का छात्र था। उसे रोजाना छत पर जाकर ईयरफोन लगाकर गाने सुनते हुए वॉक करना पसंद था। रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब छह बजे जब वह तीसरी मंजिल पर गाने सुन रहा था, तो उसका संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन में परिजन उसे घायलावस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे के स्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद परिजनों और उसके सहपाठियों का रो-रोकर बुरा हाल है।