
Noida News / मुजफ्फरनगर। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की एक बैठक शुक्रताल स्थित महाशक्ति सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर भवन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार के साथ-साथ शुक्रताल को गंगा एक्सप्रेसवे से जोडऩे की मांग को प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पीतांबर शर्मा ने उपस्थित पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वह संगठन विस्तार के कार्य में लग जाएं। समाज के लोगों को महासभा से जोडक़र उनकी समस्याओं का समाधान कराएं और समाज हित में कार्य करें।
इस मौके पर उन्होंने शुक्रताल तीर्थ स्थान को गंगा एक्सप्रेस वे अथवा गोरखपुर शामली एक्सप्रेसवे से जोडऩे के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शुक्रताल एक महान तीर्थ स्थल है। दूरदराज से आने वाले तीर्थ यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके इसके लिए इसे गंगा एक्सप्रेस वे अथवा गोरखपुर शामली एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाना आवश्यक है। इससे जहां यात्रियों व श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी वहीं इस क्षेत्र का भी पूरी तरह से विकास होगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा है।
बैठक की अध्यक्षता योग नंदनी ने की। इस मौके पर जनपद गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष परमानंद शर्मा, दादरी नगर अध्यक्ष रमेश शर्मा, मांगेराम शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष किशन गोपाल, सहारनपुर मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष अजय कृष्ण शास्त्री, ब्रह्मचारी जी सहित अन्य लोग मौजूद थे। Noida News