
Noida News (चेतना मंच)। पृथला गांव में नियम-कायदों को ताक पर रखकर बनाए जा रहे 5 मंजिला मकान के निर्माण से घर में आई दरार से एक वृद्ध व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों ने शुक्रवार की सुबह शव को पृथला ब्रिज पर रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि अवैध तरीके से 5 मंजिला भवन का निर्माण करा रहे आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद थाना सेक्टर 113 पुलिस व प्राधिकरण ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पृथला गांव निवासी 68 वर्षीय राजाराम यादव, संजय, प्रमोद, गोपाल व बंटी सहित करीब दर्जन पर लोगों ने गांव के ही सतीश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ितों का कहना था कि सतीश यादव गांव में एक पांच मंजिला भवन का निर्माण करा रहा है जिसका स्ट्रक्चर कमजोर है। इस भवन निर्माण में जगह-जगह दरार दिख रही है जिस कारण इस मकान की वजह से कभी भी अनहोनी हो सकती है। 5 मंजिला भवन के निर्माण की वजह से आसपास के मकानों में दरारें आ गर्ई। इस पर पीड़ितों ने नोएडा प्राधिकरण तथा थाना सेक्टर 113 में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन भवन की कराई गई जांच में स्ट्रक्चर कमजोर मिला। ग्रामीण पिछले काफी समय से 5 मंजिला भवन के निर्माण कार्य को रोकने की मांग करते आ रहे हैं।
Read More - Greater Noida : नोएडा से लेकर लखनऊ तक हो रही है जेवर के कसीनो कांड की चर्चा, सोशल मीडिया पर वायरल है रेट लिस्टशुक्रवार की सुबह 68 वर्षीय राजाराम यादव की तबीयत बिगडऩे पर परिजन उन्हें नियो अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया। परिजनों के मुताबिक राजाराम यादव की मौत 5 मंजिला भवन के कारण मकान में आई दरारों की वजह से सदमे से हुई है। राजाराम की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल से शव लाकर पृथला ब्रिज के पास रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में गांव के भी लोग मौजूद थे।
पृथला ब्रिज पर शव रखे जाने से थोड़ी ही देर में यहां कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप था कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और वह चोरी छुपे मकान का निर्माण कार्य करवाता रहा। Noida News