Noida News : उप मुख्यमंत्री ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का किया शुभारंभ
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 01:20 AM
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 01:20 AM
Noida: नोएडा। अस्पताल परिसर में आए मरीज को भगवान मानकर उसकी सेवा करें। यदि कोई मरीज परिसर में लावारिस व असहाय हालत में दिखे तो प्राथमिकता से उसका इलाज करें। यह चेतावनी दी उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने। श्री पाठक आज सेक्टर-30 स्थित राजकीय जिला अस्पताल में विशेष संचारी रोग नियंत्रण तथा दस्तक अभियान के शुभारंभ के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
श्री पाठक ने कहा कि अक्सर कुछ अस्पतालों में निरीक्षण के दौरान देखा गया कि अस्पताल परिसर के बाहर कई असहाय व लावारिस मरीज इलाज का इंतजार करते रहते हैं। ऐसे मरीजों को तत्काल भर्ती करके उनका इलाज किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संचारी रोग के मामले में प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग सही ढंग से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज से शुरू यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। इस संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के तहत 10 विभाग आपसी समन्वय बनाकर घर-घर जाकर जल भराव, जल निकासी, मच्छरों के प्रकोप से जनित बीमारियों तथा कुपोषित बच्चों को चिन्हित करके लोगों को इलाज व अन्य सहायता मुहैया कराएंगे। इसमें आशा बहनों तथा आंगनबाड़ी बहनों की विशेष भूमिका रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचारी रोग व इनसिफलाइटस, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों पर काफी हद तक काबू किया गया है। खासकर पूर्वांचल में इसके प्रकोप से लाखों लोग प्रभावित थे। लेकिन अब वहां काफी सुधार हुआ है।इसके पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विधिवत हरी झंडी दिखाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पुलिस कर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी एस.के. शर्मा, जिला मलेरिया अधिकरी राजेश शर्मा, अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, भाजपा के महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता समेत अस्पताल के चिकित्सक व पैरामेडिकल कर्मचारी मौजूद थे।