
Noida News (चेतना मंच)। यूपी के नोएडा में ऑफिस से चाय पीने के लिए निकली युवती के साथ कार सवार दो मनचलों ने छेड़छाड़ कर युवती को जबरन अपनी कार में बैठाने का प्रयास किया। रास्ते से गुजर रहे युवती के मैनेजर ने जब उसकी मदद करने का प्रयास किया तो आरोपी युवक उनकी कार में टक्कर मारकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। युवती ने नोएडा के थाना सेक्टर 58 में कार सवार मनचलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के सेक्टर 62 स्थित एक आईटी कंपनी में काम करने वाली युवती ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि वह अपने ऑफिस से चाय पीने के लिए स्टेलर पार्क आई थी। चाय पीने के बाद जब वह वापस अपनी कंपनी लौट रही थी तो डी पार्क के पास कार सवार दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। मनचलों ने उसे अकेला देखकर उसका हाथ पकड़ कर अश्लील हरकत करते हुए उसे कार में बैठाने का प्रयास किया।
युवती के मुताबिक इस दौरान उसकी कंपनी के मैनेजर गगन अपनी कार से वहां से गुजर रहे थे। गगन को देखकर उसने उनसे मदद मांगी। कंपनी मैनेजर गगन ने अपनी कार युवकों की कार के आगे लगा दी। वह जैसे ही अपनी कार से उतरे तो मनचलो ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मारी और वहां से जान से मारने की धमकी देते फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराए गए कार नंबर के आधार पर आरोपियो की तलाश की जा रही है। Noida News