
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक प्रसिद्ध स्कूल की कक्षा 11 की एक छात्रा से उसके सहपाठियों द्वारा अश्लील हरकत और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। यह मामला पूरे नोएडा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि इस मामले में आरोपी छात्रों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। छात्रा से गंदी हरकत करने वाले पांच आरोपी बड़े कारोबारी परिवारों के बेटे बताए जाते हैं।
आपको बता दें कि नोएडा के सेक्टर 100 में स्थित एक प्रसिद्ध स्कूल की 11वीं की छात्रा के साथ अश्लीलत हरकत और विरोध करने पर मारपीट की गई थी। आरोपी स्कूल में पढ़ने वाले चार छात्र हैं। छात्रा के पिता की शिकायत पर थाना सेक्टर-39 पुलिस ने पांच छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
शिकायत में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी सेक्टर 100 स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती है। बेटी के साथ 9 अक्तूबर को उसके क्लास में पढ़ने वाले पांच छात्रों ने अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपी छात्रों ने छात्रा को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
इसको लेकर उनकी बेटी ने लिखित मेल के जरिये स्कूल के निदेशक और प्रिसिंपल को शिकायत दी। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसकी जानकारी छात्रों को हुई तो उन्होंने 13 अक्तूबर को छात्रा को स्कूल कैंपस के अंदर ही पकड़ लिया। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी के पोते और उसके दोस्तों ने अश्लीलता करते हुए बेटी के साथ मारपीट करते हुए उसे अधमरा कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़िता छात्रा के पिता के मुताबिक, उन्होंने मामले को लेकर स्कूल के प्रिंसिपल से बातचीत और शिकायत की थी, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में उसने पुलिस से मामले की शिकायत कर आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस छात्रा का मेडिकल परीक्षण करा मामले को लेकर साक्ष्य एकत्रित कर रही है। स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
डीसीपी हरीश चंद्र ने कहा कि प्राथमिक जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। इस संबंध में जल्द ही प्रबंधन को नोटिस जारी कर पूछा जाएगा कि अगर मामला प्रबंधन के संज्ञान में था कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। अगर हुई तो उसका पूरा विवरण पुलिस के साथ साझा किया जाए ताकि उसी आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ सके।
मामले से संबंधित आठ सेकेंड का एक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में पीड़ित छात्रा का पिता कह रहा है कि वह इस घटना के साथ जिंदा नहीं रह सकता है। सहमी हुई बेटी वीडियो में पापा का हाथ पकड़े हुए कमरे से बाहर निकल रही है। दोनों के पीछे अन्य लोग भी बाहर निकल रहे हैं। छात्रा के पिता ने पुलिस और स्कूल प्रबंधन से आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। सोशल मीडिया यूजर ने भी घटना में शामिल छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।