विज्ञापन

Noida News (चेतना मंच)। जन सामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण कराने के उद्देश्य से नोएडा (गौतमबुद्धनगर जनपद) की तीनों तहसीलों में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 112 शिकायतें दर्ज हुई, लेकिन मात्र दस शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने जेवर तहसील पहुंचकर समाधान दिवस की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार एवं शासन गंभीर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जिन विभागों से संबंधित जनता की शिकायतें दर्ज हो रही हैं। सभी संबंधित अधिकारीगण गंभीरता के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें और मौके पर जाकर संबंधी शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित कराएं ताकि संबंधित पोर्टल पर शिकायतों को ऑनलाइन किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को भी संबंधित विभागीय अधिकारियों के द्वारा निस्तारण के दौरान उपस्थित रखा जाए ताकि सभी शिकायतों का निराकरण गुणवत्ता परक रूप से सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज शिकायतों की मानिटरिंग उत्तर प्रदेश शासन स्तर से सुनिश्चित की जा रही है। अत: सभी अधिकारियों के द्वारा दर्ज शिकायतों का निराकरण पूर्ण गंभीरता के साथ कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निमार्ण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित बालिका आर्शीवाद योजना के तहत 3 लाभार्थियों को 25 हजार रूपये के सावधि जमा पत्र भी वितरित किए। वितरण के उपरांत जिला अधिकारी द्वारा ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से तहसील में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का अवलोकन किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा जन सामान्य प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर अपने वोट की पुष्टि कर सकें।
इस दौरान एडीएम जेवर अभय सिंह, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुधा कुमारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील शर्मा एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। दादरी तहसील में अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न हुआ, जहां पर कुल 69 शिकायतें जनता के द्वारा दर्ज कराई गई, जिसके सापेक्ष विभागीय अधिकारियों के माध्यम से 4 शिकायतों का निराकरण मौके पर ही कराया गया। सदर तहसील में एसडीएम सदर अंकित कुमार की अध्यक्षता में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ, यहां पर जनता के द्वारा कुल 2 शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित दर्ज कराई गई।
विज्ञापन