
Noida News (चेतना मंच)। अगर आप नोएडा में रहते हैं और आप और आपकी पत्नी वर्किंग है तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। घर पर रहने वाले अपने बच्चों को जरूर समझाएं कि किसी अजनबी को घर में घुसने ना दें। नहीं तो आपके जीवनभर की कमाई लुट सकती है। ऐसा ही एक मामला नोएडा के होशियापुर गांव में प्रकाश में आया है। यहां एक अनजान व्यक्ति बहाना बनाकर एक घर में घुस आया और 12 वर्षीय बच्चे को बातों में उलझा कर घर से लाखों रुपए के जेवरात लेकर चंपत हो गया।
मूलरूप से ग्राम बेला हरि जनपद हरदोई निवासी संजीव ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह होशियापुर गांव में अपने परिवार सहित किराये पर रह रहे हैं। बीते 31 अक्टूबर को वह और उनकी पत्नी अपनी अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। घर में उनका 12 वर्षीय बेटा अकेला था।
दोपहर के समय एक अनजान व्यक्ति उनके घर पर आया और उसने उनके बेटे से सोनू नामक व्यक्ति के बारे में पूछा। उनके बेटे ने सोनू को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने उनके बेटे से उनका फोन नंबर ले लिया और बात करने का नाटक करने लगा।
संजीव कुमार के मुताबिक इस दौरान उक्त व्यक्ति ने उनके बेटे से पीने के लिए पानी मांगा। जैसे ही उनका बेटा घर के भीतर गया तो उक्त व्यक्ति घर की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें से सोने की चेन, झुमकी, दो लॉकेट, सोने की अंगूठी व पायल को चोरी कर फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।