
Noida News : नोएडा में नोएडा प्राधिकरण द्वारा डॉग पॉलिसी बनाने के बावजूद इसका असर नहीं दिख रहा है। नोएडा के सेक्टर 46 में एक पालतू डॉगी ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल की महिला डॉक्टर पर हमला कर उसके चेहरे से मांस नोच लिया। चार टांके आने के बाद अब डॉक्टर कहते हैं कि चेहरे पर यह दाग जिंदगीभर रहेगा।
नोएडा के सेक्टर में हाईराइज सोसाइटी में डॉग बाइट की घटनाएं तेजी के साथ बढ़ रही हैं। अब नोएडा के थाना सेक्टर 39 में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल की चिकित्सक डॉक्टर रुचि कुमारी (काल्पनिक नाम) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 20 नवंबर को सुबह वह सेक्टर 46 गार्डन गैलरिया से घूम कर अपने घर जा रही थी तभी ऋषभ चौधरी नामक व्यक्ति के पालतू कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। डॉगी ने मुंह पर काटकर मांस निकाल लिया। इलाज के दौरान चेहरे पर चार टांके आए हैं और रेबीज के इंजेक्शन भी लगवाने पड़े। पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि सर्जन ने कहा है कि चेहरे का निशान ठीक नहीं होगा और इलाज करने पर लाखों रुपये का खर्च आएगा। अभी तक इलाज में 30000 रुपये लग चुके हैं।
डॉगी के हमले का शिकार बनी महिला डॉक्टर ने बताया कि डॉगी के मुंह पर डॉग मास्क नहीं लगा हुआ था। डॉग ओनर ने उसका पट्टा भी निकाल रखा था। ओनर ने पुलिस से शिकायत न करने तथा इलाज का खर्च उठाने की बात कही थी, लेकिन अब डॉग ओनर कन्नी काट रहा है। डॉगी का प्राधिकरण में रजिस्ट्रेशन भी नहीं हुआ था।
आपको बता दें कि आए दिन विभिन्न हाईराइज सोसाइटियों व सेक्टर में लोग डॉग बाइट का शिकार बन रहे हैं। पूर्व में हुई कई दर्दनाक घटनाओं के बाद उठे विरोध के स्वर को संज्ञान में लेते हुए नोएडा प्राधिकरण ने डॉग पॉलिसी बनाई थी। इस पॉलिसी के तहत के नियम बनाए गए थे। इन नियमों में डॉग बाइट करने पर डॉग मलिक को पीड़ित का इलाज कराने तथा जुर्माना देने का प्रावधान किया गया था। डॉग पॉलिसी लागू होने के बावजूद इसका कड़ाई से क्रियान्वयन नहीं कराया जा रहा है, जिस कारण आए दिन डॉग बाइट के मामले सामने आ रहे हैं।