
Noida News : डॉग पॉलिसी लागू करने के प्रति भी गंभीरता नहीं देखी जा रही है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अभी तक डॉग पॉलिसी (Dog Policy) लागू नहीं कर सका है। पिछले साल दिसंबर के अंतिम सप्ताह में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बैठक में यह फैसला भी लिया गया था कि एक जनवरी 2023 से डॉग पॉलिसी को लागू कर दिया जाएगा, लेकिन यह फैसला किस डिब्बे में बंद हो गया, कोई नहीं जानता।
इस पॉलिसी को लागू करने में अबतक पहले ही 8 महीने की देर हो चुकी है। हालांकि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का दावा है कि ग्रेटर नोएडा के लिए डॉग पॉलिसी जल्द ही लागू कर दी जाएगी। इसके तहत एक ऐप भी बनाए जाने की बात है। लेकिन धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है। इस कारण ग्रेटर नोएडा के लोगों में भी आवारा कुत्तों का खौफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है।
वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा ही लग रहा है कि गौतमबुद्ध नगर के प्रशासन, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यहां के लोगों को केवल भगवान के भरोसे या फिर भूखे भेड़िए की तरह घूमने वाले इन 'आवार कुत्तों के भरोसे' छोड़ दिया है। दूसरी ओर ये आवारा कुत्ते भी लोगों को जमकर अपना शिकार बना रहे हैं। इस कारण लोगों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। Noida News