
Noida News: सेक्टर-79 स्थित गोल्फ ग्रीन सोसाइटी में आज सुबह एक घरेलू सहायिका संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मूल रूप से मध्य प्रदेश की रहने वाली (18 वर्षीय) सपना अपने परिजनों के साथ सोरखा गांव में किराए पर रह रही थी सपना गोल्फ ग्रीन सोसाइटी में राहुल कुमार के यहां पर घरेलू सहायिका का काम करती थी। सपना रात के 8 बजे से सुबह 8 बजे तक घरेलू कार्य करती थी।
आज सुबह राहुल जिम तथा उनकी पत्नी अपने बेटे को स्कूल छोडऩे के लिए चली गई। कुछ देर बाद जब राहुल घर लौटे तो उन्हें दरवाजा खुला हुआ मिला। वह जब घर के भीतर पहुंचे तो उन्हें सपना फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत थाना सेक्टर-113 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है वही घरेलू सहायिका द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों ने अभी किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन अगर तहरीर देते हैं तो मामले की जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।