
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना दादरी क्षेत्र के चिटहेड़ा गांव के पास तेज गति में आ रहा ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में चालक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य सडक़ हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
थाना दादरी प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि गुरुवार को चिटहेड़ा गांव के पास ट्रैक्टर पलटने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ट्रैक्टर चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त नीरज पुत्र रमेश निवासी संभल के रूप में हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज गति में आ रहा ट्रैक्टर का चालक अचानक संतुलन खो बैठा और वह पलट गया। वहीं थाना जेवर क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती सुभाष पुत्र राजवीर की मौत हो गई। राजवीर अलीगढ़ में हुए एक सडक़ हादसे में घायल हो गया था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सेक्टर- 62 में खंभे पर चढक़र बिजली का फॉल्ट दूर कर रहा लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से लाइनमैन खंभे से नीचे सडक़ पर आ गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मूल रूप से ग्राम अतरौली थाना अहमदगढ़ बुलंदशहर निवासी मुंदर सिंह पुत्र राजवीर सिंह विद्युत विभाग में लाइनमैन का काम करता था। गुरुवार की रात्रि आंधी आने के बाद सेक्टर-62 की विद्युत सप्लाई में फाल्ट आ गया। शिकायत मिलने के बाद मुंदर खंभे पर चढक़र फाल्ट को दूर कर रहा था। इस दौरान वह करंट लगने से नीचे जमीन पर आ गिरा और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।