
Noida News (चेतना मंच)। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी (रक्षा सूत्र) इसलिए बांधती हैं कि वह सदैव उनकी रक्षा करेगा। कलयुग के इस दौर में कुछ भाई ऐसे हैं जो रक्षा करने के बजाय खुद बहन के साथ मारपीट कर प्रताड़ित करते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा के भंगेल की राजीव कॉलोनी में प्रकाश में आया है। यहां शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने अपनी बहन के साथ मारपीट कर उसके दांत तोड़ दिए।
नोएडा के भंगेल क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में रहने वाली पल्लवी (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट बताया कि वह घर पर अकेली थी। इस दौरान उसका भाई राहुल शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। इस बात का विरोध करने पर राहुल ने उसके साथ मारपीट की, मारपीट में उसके दांत टूट गए। परिजनों व आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे राहुल के चंगुल से छुड़ाया।
मारपीट करने के बाद राहुल उसे जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। पीड़िता के मुताबिक उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। भाई राहुल शराब के नशे में आए दिन घर में हंगामा करता है। उसे कई बार समझाने का भी प्रयास किया लेकिन उसके हरकतें बंद नहीं हुई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।