
Noida News / जेवर (चेतना मंच)। थाना जेवर क्षेत्र के जहांगीरपुर में एक युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद धारदार हथियार से अपना गला काट लिया। अत्यधिक खून बहने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। थाना जेवर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बीती शाम पुलिस को सूचना मिली कि जहांगीरपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला कि जीतू नामक युवक ने खुद ही धारदार हथियार से अपना गला काट लिया है। ज्यादा खून बहने की वजह से युवक की घर पर ही मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जीतू शादीशुदा था और नशे का आदी था। नशा करने के कारण आए दिन उसका परिजनों से झगड़ा होता था गुरुवार को भी वह नशा करके घर पहुंचा था। इस बात को लेकर उसका अपनी पत्नी व परिजनों से विवाद हो गया। विवाद के दौरान जीतू गुस्से में आ गया और उसने घर में रखे चाकू से अपना गला रेत दिया। जहांगीरपुर गांव में हुई इस सनसनीखेज घटना से हर कोई हैरान है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। Noida News