
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा में अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।
नोएडा के ग्राम चौड़ा रघुनाथपुर में रहने वाला 23 वर्षीय विकास गुप्ता पुत्र सुरेश गुप्ता ई-रिक्शा चलाता था। गुरुवार की रात वह ई-रिक्शा लेकर आ रहा था। नोएडा स्टेडियम के पास तेज गति में आ रहा ई-रिक्शा नियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में विकास गुप्ता को गंभीर चोटे आई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस विकास गुप्ता को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके अलावा नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के छिजारसी कॉलोनी में ई-रिक्शा की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई। दुर्घटना के आरोपी चालक के खिलाफ बच्चों के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है।
सिद्धार्थ सिंह कॉलोनी निवासी मोहम्मद अकरम अंसारी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी शादिया परवीन घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान तेज गति में आ रहे ई-रिक्शा चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। लहूलुहान हालात में बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के जीटी रोड पर सड़क पार कर रहे नीलकंठ कॉलोनी कुड़ी खेड़ा निवासी गजेंद्र पुत्र सूरज को रोडवेज बस के चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी बिगड़ती हालत को देखकर उसे सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान गजेंद्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।