
Noida News (चेतना मंच)। मामूली विवाद में तीन युवकों ने एक ई-रिक्शा चालक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। थाना सेक्टर-142 पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि रिपन अपने ई-रिक्शा से जा रहा था। फेलिक्स अस्पताल के पास उसका ई-रिक्शा एक कार से टकरा गया। इस बात को लेकर उसकी कार चालक से कहासुनी हो गई।
कहासुनी के दौरान सडक़ किनारे चिकन काउंटर लगाने वाले तीन युवक भी मौके पर आ गए और वाद-विवाद करने लगे। रिपन को डांट कर कार चालक मौके से चला गया जबकि पास में ही चिकन काउंटर लगाने वाले मोहम्मद अमन, रहमतुल्ला व नौशाद आलम ने रिपन के साथ गाली गलौज कर दी। रिपन ने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे चाकू मारकर घायल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसकी बिगड़ती हालत को देखकर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने मौके से मोहम्मद अमन, रहमतुल्ला व नौशाद आलम को भी हिरासत में ले लिया। घायल की पत्नी परवीन ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।