
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा में बाइक सवार बदमाशों ने सिटी सेंटर मॉल के पास ई-रिक्शा में बैठी एक युवती से आईफोन मोबाइल लूट लिया। युवती ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाना सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज कराया है। इसके अलावा नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों द्वारा आईफोन मोबाइल लूट की रिपोर्ट पुलिस ने एक माह बाद दर्ज की है। पीड़ित द्वारा पुलिस को फोन की आखरी लोकेशन भी उपलब्ध कराई गई है।
नोएडा के सेक्टर-50, आलोक विहार निवासी अदिति ई-रिक्शा से अपने घर वापस लौट रही थी। सिटी सेंटर मॉल के पास पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन लूट लिया। अदिति ने शोर मचाकर बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इसके अलावा मोहन गार्डन उत्तम नगर निवासी रवि प्रशांत ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते 6 सितंबर को सेक्टर-63 में अपने मोबाइल फोन से बात करता हुआ जा रहा था। इस दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका एप्पल आईफोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। उसने जब अपने मोबाइल को ट्रैकिंग पर लगाया तो पता चला कि उसकी लोकेशन गाजियाबाद के पसोंडा तथा राजेंद्रनगर की आ रही थी।
रवि प्रशांत के मुताबिक मोबाइल चोरी होने के बाद उसके नंबर पर लगातार फर्जी लिंक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे जा रहे हैं। इन लिंक के द्वारा उसकी आईडी तथा पासवर्ड प्राप्त करने की कोशिश की जा रही है। पीडि़त ने मोबाइल की आखिरी लोकेशन तथा लिंक भेजे जाने वाले मोबाइल फोन नंबर की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्विलेंस सेल का भी सहारा लिया जा रहा है।