
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के सेक्टर-29 स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट से एक बड़ा मामला सामने आया है। नोएडा में रहने वाली प्रवर्तन निदेशालय (ED) की उप-निदेशक (डिप्टी डायरेक्टर) ने तीन लोगों के खिलाफ घर में घुसकर गाली गलौज व अभद्र व्यवहार करने तथा पैसे व जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले जाने के आरोप में थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) में उप-निदेशक के पद पर कार्यरत पदमा ने नोएडा के थाना सेक्टर 20 से की शिकायत में बताया कि उन्होंने कुछ समय पूर्व महेंद्र सिंह सहवाग से उनका ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में स्थित मकान किराये पर लिया था। गत 26 सितंबर को महेंद्र सिंह सहवाग का निधन हो गया। बीते दिनों स्वर्गीय महेंद्र सिंह सहवाग की पत्नी स्नेहा सहवाग, विक्रम सहवाग तथा प्रेरणा सिरोही उनकी अनुपस्थिति में उनके आवास पर पहुंचे और घर में जबरन घुसने की कोशिश की। घर में मौजूद रसोईया राजेश ने तीनों से उनके आने तक बाहर बैठकर इंतजार करने का अनुरोध किया जिस पर विक्रम सहवाग ने उसके साथ गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट की।
ईडी की उप निदेशक पदमा के मुताबिक वह जब रात्रि में घर पहुंची तो तीनों ने उसे एक नए एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। उन्होंने जब मकान पर खर्च किए गए 46,500 को समायोजित करने की बात कही तो तीनों भड़क उठे और उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
उप-निदेशक पदमा के मुताबिक अगले दिन जब वह ऑफिस जा रही थी तो उनकी जरूरी डायरी गायब मिली। उन्होंने जब अपने कर्मचारियों से डायरी के बारे में पूछा तो उनके चालक ने बताया कि लड़ाई के दौरान स्नेहा सहवाग उनकी डायरी को अपने साथ ले गई थी। उन्होंने बताया की डायरी में 5600 रखे हुए थे। डायरी में विभागीय गोपनीय जानकारी लिखी हुई हैं जिनका दुरुपयोग हो सकता है।
थाना प्रभारी ने बताया था कि पीड़िता की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ गाली गलौज जान से मारने की धमकी देने, पैसे व गोपनीय डायरी को चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।