Noida News : नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे को चमकाने की कवायद शुरू हो गई है। इसमें नोएडा प्राधिकरण के सभी विभाग एक साथ जुटेंगे। प्राधिकरण की ओर से सीईओ लोकेश एम के नेतृत्व में इस बाबत बैठक हुई। इसमें सभी विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में शहर की परेशानियां दूर करने पर भी चर्चा हुई। इस बात पर विधिवत विचार किया गया कि एक्सप्रेसवे को किस तरह से आकर्षक बनाया जा सकता है और इसके लिए क्या क्या करना होगा। इसमें अलग-अलग कई विभागों को कार्य को अमलीजामा पहनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
शहर को चमकाने की कवायद शुरू होगी
नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ संजय खत्री ने बताया, नोएडा-ग्रेनो समेत पूरे शहर को चमकाने की कवायद शुरू होगी। इसमें अलग-अलग विभागों को लक्ष्य दिया गया है। इसी लक्ष्य के आधार पर काम होगा। उन्होंने बताया, एक्सप्रेसवे के किनारे के क्रैश बैरियर का मोडिफिकेशन कराया जाएगा। इसके अलावा जहां-जहां क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं, वहां लगाया जाएगा। इसके लिए सिविल विभाग की टीम टेंडर कराएगी। टेंडर के बाद काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा सड़क का पैचवर्क भी कराने के निर्देश दिए गए।
एक्सप्रेसवे और आसपास के क्षेत्रों में सफाई का व्यापक अभियान
उन्होंने बताया, दो-तीन दिन में एक्सप्रेसवे और आसपास के क्षेत्रों में सफाई का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। वहीं उद्यान विभाग को यह निर्देश दिया गया है कि एक्सप्रेसवे पर लगे संकेतकों के सामने पेड़ों की डालियों की छंटाई का काम कराया जाए। ताकि सुरक्षित यात्रा में किसी तरह का खलल न पड़े। फुटपाथ की टाइल्स बदली जाएगी। यहां पेंटिंग का काम भी होना है। इस तरह साफ सफाई के साथ सजावट का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
चौराहों को लाइटिंग से सजाया जाएगा
विद्युत यांत्रिकी विभाग को कहा गया है कि वह चौराहों को लाइटिंग से सजाए ताकि देखने में आकर्षक लगे। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जल-सीवर विभाग को निर्देश दिया गया है कि शहर में ओवरफ्लो की समस्या को दूर करने की कवायद करे। इस बाबत शहर के लोगों की काफी शिकायतें हैं। अतिक्रमण हटाने पर भी प्राधिकरण का पूरा जोर होगा। अतिक्रमण की वजह से प्राधिकरण का लैंड बैंक पूरी तरह से खाली हो चुका है। इसे वापस लाने की कोशिश होगी।
सड़कों को दुरुस्त करेगा प्राधिकरण, निविदा जारी
ग्रेटर नोएडा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर की सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए निविदा जारी की है। करीब तीन करोड़ की लागत से मरम्मत कर सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाया जाएगा। इनमें सेक्टरों के साथ-साथ शहर की मुख्य सड़कें भी शामिल हैं। ग्रेटर नोएडा की मुख्य सड़कों के अलावा सेक्टरों के अंदर की रोड भी टूटी हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा, डेल्टा, 36 के अलावा सूरजपुर-कासना रोड, 130 मीटर रोड की स्थिति ज्यादा खराब है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। प्राधिकरण के अफसरों ने बताया कि वर्क सर्किल 4 से 7 तक की विभिन्न सड़कों की मरम्मत की जाएगी। Noida News