Noida News : पांच हजार वाटर मीटर लगाने की कवायद शुरू
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 05:31 PM
Noida : नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने जल विभाग द्वारा शहर में वाटर मीटर लगाने की योजना अब पटरी पर आनी शुरू हो गई है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सेक्टर-27 के ए ब्लॉक से घरों में मीटर लगाने की शुरूआत हो गई है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर करीब 5 हजार वाटर मीटर लगने हैं।
मालूम हो कि शहर में वाटर मीटर लगाने के लिए बीसीआईटीएस कंपनी का चयन नोएडा प्राधिकरण ने कर रखा है। यह कंपनी बैंगलुरू, लुधियाना आदि जगह वाटर मीटर तैयार करने का काम करती है। अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में यह 5 हजार कनेक्शन पर मीटर लगाए जाएंगे। इस चरण में मीटर लगवाने पर प्राधिकरण का साढ़े नौ करोड़ रुपए खर्चा आएगा। अधिकारियों की मानें तो शुरूआत में पांच हजार मीटर लगाने की शुरूआत बल्क कनेक्शन के जरिए करनी थी लेकिन रूस और यूक्रेन की चल रही लड़ाई के कारण संबंधित कंपनी को इसके कुछ पार्टस नहीं मिल पा रहे हैं। इस वजह से बल्क कनेक्शन के बजाए आम लोगों के घरों से मीटर लगाने की शुरूआत की गई है। गौरतलब है कि करीब डेढ़ साल से कंपनी का चयन करने की प्रक्रिया चल रही थी।
अभी ये तय नहीं हुआ है कि यहां कितने रुपए यूनिट के हिसाब से बिल लिया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण आसपास प्रदेश में चल रही पालिसी को देख रहा है। इसके बाद तय दरो को बोर्ड से एप्रूव करा लिया जाएगा। इसके बाद औद्योगिक सेक्टरों में वाटर मीटर लगाने का काम किया जाएगा।