
Noida News : नोएडा एंप्लाइज एसोसिएशन यानि NEA का चुनाव हमेशा से प्रतिष्ठा का विषय रहा है अब एक बार फिर इस चुनाव के लिए चुनावी अखाड़ा सज चुका है। इस बार नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारियों की संस्था NEA के इस चुनाव में तीन पैनल मैदान में उतरे हैं।
चौ. राजकुमार ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए धर्मेन्द्र शर्मा व वीरपाल, सचिव पदों के लिए नीरज राणा व अमित कुमार तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए सुभाष चंद ने नामांकन किया।
दूसरे पैनल रविन्द्र कुमार कसाना पैनल ने भी नामांकन दाखिल कर दिया। इस पैनल में रविद्र कसाना ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। वहीं प्रमोद कुमार ने महासचिव, दीपक कुमार तथा सुमित शर्मा ने उपाध्यक्ष, महेद्र व वीरेन्द्र यादव ने सचिव तथा जीतेन्द्र शर्मा ने कोषाध्यक्ष पद के लिए नामंकन किया।
तीसरे पैनल में अध्यक्ष पद के लिए विजेन्द्र लोहिया, महासचिव के लिए गुरू प्रसाद यादव, उपाध्यक्ष पदों के लिए रणधीर कुमार सिंह व परसादी गौतम तथा सचिव पद के लिए नरेश चंद ने नामांकन किए।
नामांकन वापसी की तिथि 25 अप्रैल है तथा 28 अप्रैल को चुनाव होने हैं। चुनाव लडऩे की मजबूती से तैयारी कर रहे पवन कसाना ने ऐन वक्त पर रविन्द्र कसाना पैनल को ही समर्थन दे दिया। पवन कसाना ने बताया कि समाज के गणमान्य लोगों के अनुरोध पर उन्होंने अपना पैनल न उतारकर रविन्द्र कसाना को पूरा समर्थन दे दिया है। पवन कसाना के समर्थन से रविन्द्र कसाना का पैनल काफी मजबूत हो गया है। प्राधिकरण कर्मियों का कहना है कि दोनों पैनल काफी मजबूत हैं तथा इस बार चुनाव में कड़ा मुकाबला होगा।