Noida : नोएडा। जिला विकास एवं कल्याण संघ (DDRWA के पदाधिकारियों ने नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती रितु माहेश्वरी से मिलकर शहर के फुटपाथ व सड़कों पर किये गये अतिक्रमण को हटाने की अपील की है। खासकर सेक्टर-51 के पास, वीडीएस मार्केट तथा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के पास किये गये अतिक्रमण की समस्या को उठाया है। डीडीआरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एनपी सिंह व उपाध्यक्ष संजीव कुमार के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी सीईओ से मिले। इस दौरान संगठन की ओर से शहर की प्रमुख समस्याओं से संबंधित एक पत्र भी सीईओ को सौंपा गया।
अध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि सीईओ के समक्षा नोएडा के सेक्टरों में कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने के लिए एजेंसियों की संख्या बढ़ाने, त्यौहारों के दौरान गंगाजल की आपूर्ति, नोएडा के सभी क्षेत्रों में बच्चों के खेलने का स्थान विकसित करने, सेक्टरों में मच्छरों से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए निरंतर फॉगिंग व एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़काव, सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के नीचे बने रामा वैंक्वेट हॉल को बिना पार्किंग किराये पर देने, सेक्टर-51 के सी-17 में निर्माणाधीन बारातघर की एक मंजिल और बढ़ाने, सभी पार्कों की सिंचाई के लिए एसटीपी प्लांट से निकलने वाले पानी का उपयोग करने पर जोर देने सहित अन्य मुददे उठाये।
सीईओ ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं को जल्द दूर किया जाएगा। सीईओ से मिलने वालों में संगठन के एएन धवन, अनिल खन्ना, प्रमोद वर्मा व संजय मावी आदि शामिल रहे।