
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मूल रूप से मथुरा निवासी शालिनी नवादा गांव के नीलकंठ पीजी में अपनी एक पार्टनर के साथ रह रही थी। शालिनी गाजियाबाद के एक कॉलेज से इंजीनियरिंग कर रही थी साथ ही वह एक आईटी कंपनी में भी नौकरी करती थी। बुधवार शाम को शालिनी की पार्टनर जब कमरे पर पहुंची तो उसे दरवाजा खुला मिला कमरे के भीतर पहुंचने पर उसे शालिनी बिस्तर पर बेसुध अवस्था में पड़ी हुई मिली शालिनी के गले पर निशान थे शालिनी की पार्टनर उसे अपने अन्य साथियों की मदद से फोर्टिस अस्पताल लेकर पहुंची जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मेमो मिलने पर थाना सेक्टर 58 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शालिनी के गले पर निशान मिले हैं। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस पीजी में लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगालकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शालिनी के कमरे में कौन आया था। इसके अलावा उसके मोबाइल फोन की सीडीआर को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस प्रेम प्रसंग लूटपाट सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।