
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में बीती रात इंजीनियरिंग का एक छात्र अचानक आठवीं मंजिल से नीचे आ गिरा। अस्पताल में ले जाते वक्त छात्र ने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस से सुसाइड केस मान रही है।
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि बीती रात्रि लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को सूचना दी कि टावर नंबर 10 के फर्स्ट फ्लोर के छज्जे पर ऊपर की किसी मंजिल की लॉबी से एक युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना के आधार पर तुरंत थाना सेक्टर 39 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त मूल रूप से मानस नगर कॉलोनी थाना कृष्णा नगर, जनपद मथुरा निवासी गंतव्य शर्मा पुत्र दुर्गेश शर्मा के रूप में हुई। गंतव्य इंजीनियरिंग का छात्र था और अपने भाई के साथ लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी के आठवें फ्लोर पर रह रहा था।
प्रारंभिक पूछताछ में जांच में पता चला है कि गंतव्य ने बीती रात्रि अपने फ्लोर की लॉबी से अचानक छलांग लगा दी थी। वह फर्स्ट फ्लोर के छज्जे पर आकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। गंतव्य पिछले कई दिनों से परेशान चल रहा था। एसीपी ने बताया कि मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच पड़ताल कर रही है।
थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के सी ब्लॉक में एक कंपनी की दूसरे मंजिल से गिरकर युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस युवक की मौत को हादसा बता रही है। मूल रूप से बुलंदशहर निवासी प्रशांत पुत्र रामेश्वर शर्मा सेक्टर-63 की सी 140 स्थित ब्लैज इंटरनेशनल कंपनी में मशीन आपरेटर के पद पर काम करता था।
आज सुबह वह दूसरी मंजिल से नीचे जमीन पर आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी कर्मचारी उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के बात सामने नहीं आ रही है।
आशंका जताई जा रही है कि संभवत दुर्घटनावश दूसरी मंजिल से गिरने के कारण प्रशांत कुमार की मौत हुई है। प्रशांत की मौत की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। Noida News
नोएडा ग्रेटर- नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।