
Noida News : गुस्सा हर किसी को आता है। कभी कभी यह गुस्सा या क्रोध मानव के लिए बेहद ही घातक साबित हो जाता है और इंसान अपना बहुत बड़ा नुकसान कर बैठता है। कुछ इस तरह का ही एक मामला नोएडा के सेक्टर 10 से प्रकाश में आया है। यहां एक युवक ने गुस्से में एक ऐसा कदम उठा लिया, जिसके बाद उसके परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
दरअसल, हम आपको बताते हैं कि नोएडा के सेक्टर 10 निवासी मोहित नामक युवक ने गुस्से में अपनी ही जान ले ली। युवक ने मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद गुस्से में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। नोएडा पुलिस की मीडिया सेल के अनुसार नोएडा के थाना फेस-1 पर जिला अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई कि 19 वर्षीय मोहित पुत्र पप्पू तिवारी निवासी जेजे कॉलोनी, सेक्टर-10 की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जिला अस्पताल से मिली इस सूचना के बाद थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और मृतक युवक के बारे में जानकारी हासिल की।
पुलिस ने बताया कि मृतक मोहित का किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद हो गया था। इस विवाद के चलते मोहित को इतना गुस्सा आया कि उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए फांसी लगाकर जान दे दी। युवक को फांसी के फंदे से उतारकर परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं युवक की मौत से उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। Noida News