
Noida News : उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में एक्सपोर्ट बिजनेस लगातार ग्रोथ कर रहा है। यूपी में तीन गुणा तक एक्सपोर्ट कारोबार बढ़ गया है। पिछले दिनों नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुए तीन बड़े कार्यक्रमों ने न केवल भारत बल्कि विदेशी खरीदारों ने यूपी की ओर रुख किया है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित विश्व व्यापार मेले में यूपी पवेलियन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यूपी कर हर जिला अपनी अपनी विशेष कारीगरी की वजह से मशहूर है। यूपी में 96 लाख एमएसएमई का बड़ा क्लस्टर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले महीनों में ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन हुआ, जिसमें 70 हजार से भी अधिक देसी-विदेशी खरीदार आए। ओडीओपी के माध्यम से हर एक जिले की पहचान वाले उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय मार्केट में निर्यात करने पर काम जारी है, जिससे प्रदेश का एक्सपोर्ट 86 हजार करोड़ से बढ़कर 1.74 लाख करोड़ हो गया है। यह पहले से तीन गुना है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी निवेशकों के लिए एक हब व ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। फरवरी में जब उत्तर प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट हुई तो अब तक 38 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।
सीएम योगी ने कहा कि यूपी ने पिछले छह सालों में बीमारू राज्य से उबरने में सफलता हासिल की है। प्रदेश की पहचान अब आमदनी करने वाले राज्य के रूप में हो रही है। औद्योगिकीकरण के लिए भी नया माहौल बना है। विश्व व्यापार मेले में सीएम योगी के साथ एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद सहित प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।