
Noida News (चेतना मंच)। कंपनी में हेल्पर की 4 माह तक नौकरी करने वाले एक व्यक्ति के आधार व पैन कार्ड के जरिए जालसाजों ने फर्जी कंपनी खड़ी कर दी। फर्जी कंपनी खोलने वाले ने अपना टर्नओवर करोड़ों रूपये दिखाकर जीएसटी विभाग को चूना लगा दिया।
मूल रूप से जिला बुलंदशहर निवासी देवेंद्र कुमार ने नरोरा थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने नोएडा के सेक्टर-63 स्थित आईटेल कंपनी में 4 माह तक हेल्पर पैकिंग की नौकरी की थी। नौकरी के दौरान कंपनी के कांट्रेक्टर प्रशांत ने वेतन के सिलसिले में उससे उसका आधार एवं पैन कार्ड लिया था। गत 13 मार्च को उसके घर पर रजिस्टर्ड डाक द्वारा उपायुक्त राज्य कर अधिकारी का एक नोटिस पहुंचा। नोटिस में लिखा था कि उसके फार्म जैकेट ट्रेडर्स का वर्ष 2022-23 का टर्नओवर करोड़ों रुपये है जिस पर 24.61 लाख रुपये जीएसटी देय है। जीएसटी नंबर चेक कराने पर पता चला कि उक्त फर्म को कोई जितेंद्र कुमार सिसोदिया नामक व्यक्ति संचालित कर रहा है।
देवेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उसका उस फर्म से कोई लेना देना नहीं है। आईटेल कंपनी के कांट्रेक्टर प्रशांत एवं जितेंद्र कुमार सिसोदिया ने उसके कागजों का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से कंपनी बनाई है, जबकि उसने आज तक किसी फर्म का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है और ना ही जीएसटी नंबर लिया है। पीड़ित ने बताया कि शिकायत के बाद जांच में फर्म बोगस पाई गई है। थाना सेक्टर-63 प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि घटनास्थल नोएडा का होने के कारण यह मामला नरोरा से नोएडा के लिए ट्रांसफर किया गया है। Noida News