
Noida News (चेतना मंच)। थाना सेक्टर 20 पुलिस ने फर्जी जीएसटी फर्म घोटाले के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब तक इस गिरोह के करीब डेढ़ दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस गिरोह ने फर्जी फर्म व बिल का उपयोग कर जीएसटी रिफंड लेकर सरकार को हजारों करोड़ रुपये के राजस्व का चूना लगाया है।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नंद किशोर उर्फ नंदलाल उर्फ नंदू पुत्र सोहनलाल को महामाया फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से एक नोटपैड, दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़ा गया आरोपी फर्जी फर्म के फर्जी बिलों के उपयोग से जीएसटी रिफंड लेकर सरकार को हजारों करोड़ रुपये के राजस्व की हानि पहुंचाने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य है। यह गिरोह फर्जी फर्म नंबर बनाकर जीएसटी रिफंड ले लेता रहा। गिरोह के सदस्य पूरे शातिराना तरीके से इस गोरखधंधे को चला रहे थे।
एडीसीपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य फर्जी आधार, पैन कार्ड, रेंट एग्रीमेंट, इलेक्ट्रिसिटी बिल का उपयोग कर फर्जी फर्म जीएसटी नंबर तैयार करते थे। इसके बाद आरोपी फर्जी तरीके से स्वयं ही माल बेचता था और स्वयं ही खरीद लेता था। इस प्रकार वह फर्जी बिलों के आधार पर सरकार से जीएसटी रिफंड भी प्राप्त करता था। Noida News