
Noida News (चेतना मंच)। अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं सहित 5 लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिले हैं। लेकिन अधिकतर आत्महत्या में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है।
थाना सूरजपुर क्षेत्र के देवला गांव में रहने वाले अनिल कुमार ने बीती रात्रि पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी पत्नी ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर अंदर फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोडक़र सुषमा को फंदे से उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि करीब 15 साल पूर्व सुषमा की शादी देवला गांव निवासी अनिल के साथ हुई थी और उनके बच्चे भी हैं। किसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहा था।
थाना फेस-3 क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में रहने वाले हरदोई निवासी कन्हैया लाल की पत्नी मंजू ने बीती रात्रि अपने कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय कन्हैयालाल घर से बाहर गया हुआ था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसे मंजू फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। प्रारंभिक जांच में इस आत्महत्या में भी पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
थाना फेस-2 क्षेत्र के याकूबपुर गांव में किराए पर रहने वाले दिल्ली निवासी सुरेश साहू पुत्र सुदामा साहू ने 3 दिन पूर्व अपने कमरे में बिजली के तार से फांसी लगा ली। बुधवार को सुरेश साहू के कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने खिडक़ी से झांक कर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोडक़र सुरेश साहू को फंदे से नीचे उतारा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुरेश साहू इलेक्ट्रिशियन था और याकूबपुर गांव में किराए पर रह रहा था।
थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के रसूलपुर नवादा गांव में कर्ण पुत्र तेजपाल ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
वहीं खोड़ा में रहने वाली विशाखा पुत्री यशवीर ने अपने घर में फांसी लगा ली। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-58 पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।