
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा प्राधिकरण द्वारा स्थानीय किसानों की समस्याओं का निस्तारण न करने पर भारतीय किसान परिषद व किसानों ने एक बार फिर हुंकार भर दी है। भारतीय किसान परिषद के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए आज सुबह हरौला गांव स्थित बरात घर में एकत्रित हुए।
भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में सुबह से ही किसानों ने हरौला के बरात घर में डेरा डाल दिया। प्राधिकरण कार्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए सुबह से ही विभिन्न गांवों से ग्रामीणों का आना शुरू हो गया था। अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने बताया कि पूर्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर करीब 4 माह तक नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन चला था।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों व प्राधिकरण अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि उनकी सभी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसानों की 10% आबादी के भूखंड, गांवो में चल रही कमर्शियल गतिविधियों को रेगुलर करने, नोएडा के ग्रामीण क्षेत्रों में पेरीफेरल के अंदर अधिकृत आबादी में रहने वाले पुश्तैनी गैर पुश्तैनी आदि व्यक्तियों के विनियमन के लिए कब्जा दस्तावेज के आधार पर कार्रवाई करने, प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में लागू स्वामित्व योजना की तर्ज पर प्राधिकार द्वारा परीक्षण किए जाने की कार्रवाई सहित अन्य वादे पूरे नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण द्वारा ग्रामीणों की मांगों की अनदेखी की जा रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक हरौला के बरात घर में सैकड़ों लोग एकत्रित हो चुके थे। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सेक्टर छह स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर पुलिस सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।