
Noida News (चेतना मंच)। भारतीय किसान यूनियन (अजगर) का एक प्रतिनिधि मंडल नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अविनाश त्रिपाठी से मिला। किसानों ने ओएसडी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि जिसमें नोएडा के वर्क सर्कल तीन के जूनियर इंजीनियर प्रदीप कुमार एवं उसके साथ तीन प्राइवेट कर्मचारियों द्वारा प्राइवेट जेसीबी लेकर सेक्टर-49 के अंदर से गुजरने वाले बरौला गांव के रास्ते को दीवार लगाकर बंद करने की कोशिश की गई थी।
प्रदीप और उसके प्राइवेट कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ बदसलूकी की जेसीबी रोकने को लेकर बुजुर्ग महिलाओं के साथ धक्का मुक्की की और गाली गलौज कर मौके से फरार हो गए थे। इसी के विरोध में बरोला के ग्रामीणों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। भाकियू (अजगर) के जिलाध्यक्ष राजेश उपाध्याय ने बताया कि नोएडा के कुछ कर्मचारी और सेक्टर के कुछ स्वयंभू नेता गांव एवं सेक्टर के बीच अलग-अलग रास्ते बनवाने को लेकर गांव और सेक्टर के बीच ऊंची दीवार लगाना चाहते हैं, जबकि सेक्टर से सटे ग्रामों के रास्ते नोएडा द्वारा पूर्व में सेक्टर के रास्तों में ही मर्ज किए गए हैं। सेक्टर की आरडब्ल्यूए के कुछ नेता ग्रामीणों से सेक्टर से निकलने या सेक्टर पार्क में जाने से नाराज रहते हैं। इसलिए नोएडा कर्मियों से मिलकर वह गांव का रास्ता अलग करने और सेक्टर की तरफ से दीवार लगाना चाहते हैं।
किसानों ने बताया कि पूर्व में भी कई बार स्वयंभू लोगों द्वारा सेक्टर और गांव के बीच दीवार लगाने को काफी झगड़े हुए हैं जो सेक्टर के मौका परस्त नेता नोएडा कर्मियों को गलत सूचना देकर मानवता के प्रति गहरी खाई खोद रहे हैं। मांग की गई कि उनकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। इसके साथ-साथ यदि उन स्वयंभू लोगों को गांव के लोगों से बदबू आती है तो प्राधिकरण के अधिकारी ग्रामीण लोगों के लिए गांव के चारों तरफ 30 मीटर चौड़ी पेरीफेरल रोड का निर्माण कराना सुनिश्चित करें।
विशेष कार्य अधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच कराकर गांव और शहर के बीच वैमनसयता पैदा करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। किसान यूनियन ने मांग की है कि जूनियर इंजीनियर प्रदीप कुमार द्वारा अपने वर्क सर्कल में 2 वर्ष के अंदर कराए गए कार्यों की जांच की जाए। इसी के साथ-साथ उनकी चल और अचल संपत्ति की जांच किसी रिटायर्ड जज से करने की संस्तुति प्राधिकरण प्रदान करें। ऐसा नहीं होने पर भारतीय किसान यूनियन अजगर जूनियर इंजीनियर के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण पर धरना कर पंचायत का आयोजन करेगी।
ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से शर्मा यादव, नरेश प्रधान, रमेश चंद दीवान, रामानंद मास्टर, बृजपाल नागर, रमेश पंडित, राजेश उपाध्याय, मुनदर, बाबूराम फौजी, दीपक चौहान, अजय उपाध्याय, दयानंद विनोद, महेश रावत, देवेंद्र कश्यप, अरुण प्रधान, संजय यदुवंशी आदि लोग शामिल रहे। Noida News