
Noida News : पिछले करीब 42 दिनों से अपने हक के लिए सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण के गेट पर धरने पर बैठे किसानों को आज सीईओ डा. लोकेश एम. के आश्वासन से काफी राहत मिली है।
सीईओ डा. लोकेश एम. ने भारतीय किसान संगठन के अध्यक्ष सुखवीर खलीफा तथा अन्य किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी प्रमुख मांगों पर वे गंभीरता से विचार करेंगे तथा उनके समाधान का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने किसानों से कहा कि वे किसानों के मुद्दे को लेकर काफी गंभीर हैं तथा उनकी समस्याओं का प्रमुखता से निपटारा करना उनकी प्राथमिकता है।
आज सुखवीर खलीफा के नेतृत्व में 81 गांवों के करीब 4 दर्जन किसानों संग सीईओ डा. लोकेश एम की बोर्ड रूम में वार्ता हुई। तकरीबन डेढ़ घंटे चली वार्ता में सीईओ के आश्वासन पर सभी किसान संतुष्ट नजर आए।
इस दौरान एसीईओ प्रभाष कुमार, एसीईओ सतीश पाल तथा ओएसडी अविनाश त्रिपाठी आदि अधिकारी मौजूद थे। सीईओ ने किसानों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले में विचार करने के लिए वक्त दिया जाए। वे किसानों के प्रति सकारात्मक हैं तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से निपटान करवाया जाए। Noida News