
Noida News : UP के नोएडा शहर के एक स्कूल की महिला अध्यापक स्कूल में पढऩे वाली बेटियों को अनोखे पंख लगा रही हैं। नोएडा की इन बेटियों को खास किस्म की उड़ान के लिए तैयार किया जा रहा है। आए दिन मिल रहे नए अनुभव से स्कूल की तमाम बेटियां रोमांचित हो उठी हैं।
यह कहानी है नोएडा शहर के महामाया बालिका इंटर कॉलेज की। नोएडा के सेक्टर-44 में स्थित इस कॉलेज की अध्यापिकाओं ने मिलकर एक खास कार्यक्रम तैयार किया है। इस कार्यक्रम को "सपनों की उड़ान" नाम दिया गया है। इस कार्यक्रम के तहत महिला गुरूजन (अध्यापिका) अपनी शिष्या छात्राओं को जीवन के तमाम रंग सिखाने का प्रयास कर रही है। नोएडा के इस स्कूल की हर छात्रा को उनके अंदर मौजूद प्रतिभा के अनुसार जीवन में कुछ बड़ा करने तथा बड़ा बनने की प्रेरणा अलग-अलग तरीके से दी जा रही है। ऐसा ही एक कार्यक्रम छात्राओं को हवाई यात्रा कराने का किया गया।
नोएडा के महामाया बालिका इंटर कॉलेज की सात छात्राओं को हवाई सफर के जरिए राजस्थान की राजधानी जयपुर की यात्रा कराई गई। उनकी दो गुरू (अध्यापिकाएं) भी छात्राओं के साथ इस हवाई सफर पर गईं। सातों ऐसी छात्राएं थीं जिन्होंने जीवन में पहली बार हवाई सफर किया है। इस हवाई यात्रा को करके छात्राओं की खुशी व उत्साह का कोई ठिकाना नहीं रहा। अब ये सभी छात्राएं अपने जीवन में लगातार हवाई यात्रा करने के लिए अधिक से अधिक मेहनत करके पढ़ाई करने की प्रतिज्ञा कर रही हैं।
महामाया बालिका इंटर कॉलेज में चल रहे "सपनों की उड़ान" कार्यक्रम में अलग से कोई बजट नहीं आ रहा है। स्कूल की अध्यापिकाओं ने आपस में मिलकर चंदे से फंड एकत्र किया है। इसी फंड के जरिए नोएडा की छात्राओं के लिए उड़ान का यह अनोखा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अध्यापिकाओं का मत है कि "सपनों की उड़ान" कार्यक्रम से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है। इस कार्यक्रम से जुडऩे वाली छात्राओं में जीवन में बेहतरीन इंसान बनने की भावना पैदा हो रही है। निकट भविष्य में भी "सपनों की उड़ान" कार्यक्रम के तहत अनेक आयोजन करने की योजना पर काम चल रहा है। सब कुछ ठीकठाक रहा तो अपनी-अपनी कक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली कुछ छात्राओं को विदेश तक की हवाई यात्रा भी कराई जाएगी। इस कार्यक्रम से छात्राओं के साथ ही साथ उनके अभिभावक भी खुश नजर आ रहे हैं।
आस्था नामक कक्षा-11 की छात्रा के पिता अरूण मिश्रा बताते हैं कि "सपनों की उड़ान" कार्यक्रम के साथ जुड़कर उनकी बेटी का आत्मविश्वास कई गुना बढ़ गया है।