
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर 62 अडानी ग्रुप द्वारा निर्माणाधीन डाटा सेंटर में बीती रात आग लगने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, वहीं आज सुबह सूरजपुर क्षेत्र में गत्ता बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से लाखों रुपए का गत्ता जलकर राख हो गया।
चीफ फायर ऑफिसर सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि बीती रात खोड़ा रोड, सेक्टर 62 पर अडानी ग्रुप द्वारा बनाए जा रहे अडानी कोनेक्स डाटा सेंटर में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर तुरंत दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि अडानी ग्रुप के प्रोजेक्ट पर शटरिंग वेल्डिंग करते समय चिंगारी साइड में रखे थर्माकोल और प्लास्टिक मैटेरियल पर जा गिरी, जिन्होंने आग पकड़ ली थर्माकोल और प्लास्टिक की वजह से आग की लपटें उठने लगी। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
सीएफओ ने बताया कि आग लगने की दूसरी घटना आज सुबह थाना सूरजपुर क्षेत्र के साइट बी स्थित गत्ता फैक्ट्री में हुई। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की 2 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन फैक्ट्री में रखा गत्ता जलकर राख हो गया। उन्होंने आशंका जताई थी संभवत: शॉर्ट सर्किट की वजह से फैक्ट्री में रखे गत्ते ने आग पकड़ ली थी, आग लगने से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।