
Noida News (चेतना मंच)। थाना फेस वन क्षेत्र के सेक्टर-2 में होटल पर काम करने वाले दो कर्मचारियों के आपस में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान एक कर्मचारी ने दूसरे के कर्मी के गले पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया।
सेक्टर-2 के डी-10 में होटल चलाने वाले विपिन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके होटल पर उमेश दास व आकाश काम करते हैं। गत दिनों किसी बात को लेकर उमेश और आकाश के बीच कहासुनी व गाली-गलौज हो गई। दोनों के बीच वाद विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों एक-दूसरे को मारने पीटने लगे। इस दौरान आकाश ने होटल में रखे चाकू को उठाकर उमेश के गले पर मार दिया। चाकू लगने से उमेश लहूलुहान हो गया और बेहोश होकर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आकाश मौके से फरार हो गया। घायल उमेश दास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
थाना फेस-2 क्षेत्र के कुलेसरा पुश्ता पर बाइक टकराने के विवाद में बाइक सवार तीन युवकों ने एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम कुलेसरा निवासी हरिराम अपनी बाइक से फेस-2 में ड्यूटी पर जा रहे थे जैसे ही उनकी बाइक कुलेसरा पुस्ता सरकारी स्कूल के पास पहुंची तो उनके बराबर में चल रही बाइक सवार युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी।
इस बात का विरोध करने पर बाइक पर बैठे सचिन सोनू और मोनू ने उन्हें रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। इस बात का विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनका फोन भी छीनने का प्रयास किया। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। Noida News