
Noida News : देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में GRAP के नियम लागू होने के बावजूद लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। लगातार GRAP के नियमों को अनदेख्रा किया जा रहा है, जिसका नतीजा सबके सामने है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में दो दिनों से धुलभरी धुंध की चादर दिखाई दे रही है और लोगों को सांस लेने में जहां दिक्कत हो रही है, वहीं घर से बाहर सड़कों पर निकलने पर आंखों में जलन की शिकायत भी हो रही है।
शुक्रवार को GRAP के नियमों की अनदेखी करने पर 39 मामले दर्ज किए गए है। रियल एस्टेट डेवलपर सहित अन्य उल्लंघनकर्ताओं पर 24.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, नोएडा प्राधिकरण की ओर से 26 लोगों के चालान किए गए, जबकि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने GRAP के नियमों का उल्लंघन करने संबंधी 13 मामले दर्ज किए गए। शुक्रवार शाम चार बजे नोएडा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 428 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। नोएडा प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि उसने GRAP दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाली 26 इकाइयों पर 13.80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने कहा कि उसकी 14 टीमें GRAP नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन निर्माण स्थलों, सड़कों और खुली जगहों का निरीक्षण कर रही हैं।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा ने कहा कि इसके अतिरिक्त, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 13 इकाइयों पर 10.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, जिसमें एक रियल एस्टेट डेवलपर पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी शामिल है। इस बीच, नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एनओएफएए) ने प्रदूषण पर अंकुश लगाने के वास्ते वाहनों के लिए सम-विषम योजना लागू करने की मांग की।