
Noida News (चेतना मंच)। सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू 1 में अतिक्रमण हटाने के दौरान नोएडा प्राधिकरण कर्मियों के साथ गाली गलौज व मारपीट करने के आरोप में बिल्डर सहित अन्य लोगों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नोएडा प्राधिकरण के प्रबंधक (नियोजन) विनय कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 7 जुलाई को नोएडा प्राधिकरण के अतिक्रमण हटाओ दस्ते द्वारा अंतरिक्ष गोल्फ व्यू में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी।
अवैध रूप से बनाए गए फ्लैटों के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के दौरान नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक देवेंद्र निगम, सहायक प्रबंधक प्रेम कुमार, प्रबंधक आदित्य चौहान व अन्य कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मी मौजूद थे ।
ध्वस्तीकरण के दौरान बिल्डर हरेंद्र यादव, आशुतोष व मनोज शर्मा 20-25 साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने प्राधिकरण कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विनय कुमार ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। Noida News