
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में एक कार सवार व्यक्ति की जिंदा जलने से मृत्यु हो गई। मौके पर पहुंची नोएडा के थाना फेस 3 की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना फेस 3 क्षेत्रांतर्गत सेक्टर 59 मेट्रो स्टेशन के पास से एक टोयोटा कोरोला ऑल्टिस गुजर रही थी। संभावना जताई जा रही है कि कार तेज गति में थी और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार के डिवाइडर से टकराने के बाद अचानक से कार में आग लग गई। कार में आग इतनी तेजी से लगी कि उसमें सवार व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और वह कार में ही फंसा रह गया। जिससे उसकी जलकर मौत हो गई।
थाना फेस 3 पुलिस ने बताया कि सेक्टर 59 मेट्रो स्टेशन के नीचे यू टर्न पर जा रही एक कार में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। जिसके बाद तुरंत ही थाना फेस-3 पुलिस, एफएसएसओ मय फायर सर्विस यूनिट घटना स्थल पर पहुंचे। आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया है। कार में सवार एक अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु हो गई। फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर निरीक्षण करते हुए पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की गई। शव के शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं।