पहले की चोरी फिर New Year Party के लिए खोजने लगे लोकेशन, नोएडा में हुआ अनोखा एनकांउटर
Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Dec 2024 04:40 PM
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर से एक हैरान करने वाली लूट की घटना सामने आई है, जिसमें आपराधिक घटना को अंजाम दे रहे बदमाशों ने पहले जोमैटो के ई-रिक्शा का इस्तेमाल करते हुए एक परिवार को बंधक बनाकर उनसे लूटपाट की। इसके बाद लूट के पैसे से नए साल की पार्टी मनाने के लिए किसी सुरक्षित जगह की खोज में निकल पड़े। इस पूरे मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने चारों आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पहले इलाके में की रेकी फिर...
मिली जानकारी के मुताबिक ये पूरी घटना नोएडा के सेक्टर 30 की बताई जा रही है। जहां बदमाशों ने परिवार के तीन सदस्यों को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। कहा जा रहा है कि पहले बदमाशों ने इलाके की रेकी की और मौका पाते ही जोमैटो के ई-रिक्शा का इस्तेमाल करते हुए वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए आठ टीमें बनाई और जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। इस मुठभेड़ में चारों बदमाश घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उनके कब्जे से पुलिस ने चार अवैध तमंचे, घटना में इस्तेमाल हुआ ई-रिक्शा और करीब 2 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं।
डीसीपी ने दी सतर्क रहने की सलाह
बताया जा रहा है कि, बदमाशों ने लूट के पैसे से न्यू ईयर पार्टी मनाने की प्लानिंग की थी और एनसीआर में पार्टी के लिए अच्छे लोकेशन तलाश कर रहे थे। नोएडा पुलिस के डीसीपी रामबदन सिंह ने लगातार बढ़ रहे चोरी की वारदातों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। डीसीपी ने कहा कि, जिनके घर के पास खाली प्लॉट हैं वे यह सुनिश्चित करें कि वहां कोई संदिग्ध व्यक्ति न हो। फिलहाल पुलिस बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि उनके खिलाफ पहले भी कोई मामले दर्ज हैं या नहीं। Noida News