
Noida News : पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत नोएडा की विभिन्न थाना पुलिस द्वारा बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही की जा रही है। इसी के तहत पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार करके उनका सही ठिकाना दिखाया है, यानि बदमाशों को जेल भेजा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर सब माल पार्किंग के पास से दानिश पुत्र मंजूर अली, बबलू उर्फ भवानी शंकर पुत्र पुरुषोत्तम तथा अंशु पुत्र निरंजन कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इनके पास से तमंचा, कारतूस व 13 मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह सभी फोन हरौला व अट्टा गांव से विभिन्न कमरों से चुराए हैं। वह गांव में बने मकानों में किराए का कमरा देखने के बहाने घुसते थे और कमरा खुला देखकर मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते थे। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से मादक पदार्थों के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से शराब व गांजा बरामद हुआ है। थाना सेक्टर 63 पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर रामा चौक के पास से अमन कुमार पुत्र वेद प्रकाश को गिरफ्तार किया। इसके पास से ट्विन टॉवर देसी शराब के 110 पव्वे बरामद हुए हैं। आरोपी ने बताया कि वह ठेके बंद हो जाने के बाद अवैध रूप से शराब की बिक्री करता था।
इसके अलावा, थाना सेक्टर 20 पुलिस ने सब माल के पास से प्रियांशु पुत्र विनीत को गिरफ्तार किया। तलाशी में इसके पास से डेढ़ किलो गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर उन्हें रिक्शा चालकों व नशेडियों को बेचता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। Noida News