फिर लटक सकती है उड़ान की तारीख! नोएडा एयरपोर्ट निर्माण में देरी से सरकार चिंतित
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:45 AM
Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण में हो रही देरी ने शासन-प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने परियोजना स्थल पर पहुंचकर प्रगति की समीक्षा की और निर्माण की धीमी रफ्तार पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 30 जून की तय समयसीमा तक काम हर हाल में पूरा होना चाहिए।
मुख्य सचिव ने एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी टावर, फ्यूल स्टेशन, सीवेज वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को लेकर बन रहे इंटरचेंज और पथवाया नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके समय पर संचालन से न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
अब भी अधूरा 15% काम
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। तय समयसीमा में सिर्फ 12 दिन बचे हैं जबकि निर्माण कार्य अब तक 85-87% ही पूरा हो सका है। उन्होंने कहा कि इस देरी का सीधा असर एयरपोर्ट के संचालन पर पड़ेगा जो प्रदेश के लिए उचित नहीं होगा।
जलभराव और ड्रेनेज पर जताई नाराजगी
पथवाया नाले की स्थिति पर भी मुख्य सचिव ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नाले की सफाई, चौड़ीकरण और पुलिया निर्माण का कार्य समय से और गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए ताकि जलभराव की समस्या भविष्य में एयरपोर्ट की कार्यक्षमता को प्रभावित न करे।
दो घंटे चली समीक्षा बैठक
करीब दो घंटे तक चली समीक्षा बैठक में डीजीसीए, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, टाटा प्रोजेक्ट्स, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद मुख्य सचिव ने खुद पैदल चलकर निर्माण स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलभराव को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि तकनीकी और निर्माण से जुड़ी हर बाधा को तत्काल प्रभाव से दूर किया जाए।
मुख्यमंत्री भी जता चुके हैं सख्त रुख
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही मार्च में निर्देश दे चुके हैं कि एयरपोर्ट का निर्माण कार्य 30 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए। इसके बाद हर महीने इसकी समीक्षा की जा रही है। मुख्य सचिव की ताजा चेतावनी से साफ है कि अब सरकार किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी। एयरपोर्ट का समय पर निर्माण और संचालन प्रदेश की आर्थिक प्रगति के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। Noida News