
Noida News : हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना नदी में आई बाढ़ ने गौतमबुद्धनगर के खादर क्षेत्र में असर दिखाना शुरू कर दिया है। नोएडा में भी कई गांवों में पानी भर गया है, जहां से लोगों को निकाला जा रहा है। सेक्टर-125 में बाढ़ का पानी आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए जिले में कल स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर एवं बारिश की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के कक्षा-12वीं तक के सभी स्कूल कालेजों को कल यानि 14 जुलाई को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गौतमबुद्धनगर के जिला विद्यालय निरीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि कक्षा-12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
बता दें कि 14 जुलाई को शुक्रवार है और 15 को शनिवार तथा 16 को रविवार है। माना जा रहा है कि इन 3 दिनों तक सुरक्षा की दृष्टि से जनपद के स्कूलों को बंद रखा जाएगा।