नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर खोल विदेशी नागरिकों से ठगी, खुली पोलपट्टी
Noida News
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 03:20 PM
Noida News : नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने विदेशी नागरिकों को ठगने वाले एक कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। इस कॉल सेंटर से 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें 4 लड़कियों और 7 लड़के शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक 20-25 दिन पहले ही यह फर्जी कॉल सेंटर नोएडा में खोला गया था। इस कॉल सेंटर का मास्टर माइंड देहरादून में भी यह रैकेट चला चुका है।
फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा
डीसीपी नोएडा रामबदन सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि, थाना सेक्टर-113 पुलिस ने सेक्टर-117 में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। इस कॉल सेंटर से विदेशी नागरिकों को ठगा जा रहा था। कॉल सेंटर से 11 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इस दौरान कॉल सेंटर से 19 लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, 3 हेडफोन, 5 सिम कार्ड, 1 Wi Fi राउटर, D-Link, 1 TP Link व अन्य उपकरण बरामद हुआ है।
बैंक अकाउंट के बारे में पता लगाने की कोशिश
उन्होंने बताया कि, कॉल सेंटर चलाने वाले मास्टर माइंड को देहरादून में फर्जी कॉल सेंटर चलाने के आरोप में पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस रैकेट का काम करने का तरीका यह था कि जब किसी कस्टमर के सिस्टम में गड़बड़ी आती थी तो वह इंटरनेट पर कॉल सेंटर से संपर्क करता था। कॉल सेंटर कस्टमर की कॉल को इन फर्जी कॉल सेंटरों को दो से ढाई हजार रुपये में बेच देते थे। फर्जी कॉल सेंटर में बैठे लोग कस्टमर से गिफ्ट कार्ड, गोल्ड या क्रिफ्टो करेंसी के माध्यम से पेमेंट लेते थे और फिर वह हवाला या वॉलेट के जरिए इन तक पहुंचता था। उन्होंने बताया कि नोएडा पुलिस इनके बैंक अकाउंट के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। Noida News