
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर-63 में एक महिला उद्यमी ने अपने पूर्व कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला उद्यमी का आरोप है कि पूर्व कर्मी फोन कर उनके साथ अश्लील बातें करता है।
नोएडा के सेक्टर-63 में फैक्ट्ररी चलाने वाली रजनी मिश्रा (काल्पनिक नाम) ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि सितंबर माह में उसने फैक्ट्री में काम के लिए सनी नामक युवक को रखा था। एक दिन काम करने के बाद सनी ने काम करने से मना कर दिया और अपना एक दिन का वेतन लेकर चला गया। पिछले कुछ दिनों से सनी लगातार उसे फोन कर अश्लील बातें कर रहा है। इस पर उसने सनी का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया जिसके बाद वह दूसरे नंबर से उन्हें कॉल कर परेशान करने लगा। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर उक्त युवक के खिलाफ छेड़छाड़ व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
नोएडा के सेक्टर-11 में रहने वाले प्रसिद्ध साहित्यकार के घर में चोरों ने सेंध लगाकर जेवरात, नकदी, घरेलू सामान तथा बॉथरूमों से टोटियां चोरी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नोएडा के सेक्टर-11 एच ब्लॉक में रहने वाले साहित्यकार डॉ. सुधांशु चतुर्वेदी ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि वह गुरुवार की सुबह अपने बेटे अमृतांशु चतुर्वेदी के साथ किसी कार्य से दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट गए थे। शाम के समय जब वह घर लौटे तो उन्हें ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर जाने पर सभी सामान बिखरा पड़ा हुआ मिला। चोर उनके घर से नकदी, सोने ,चांदी के जेवरात, गैस सिलेंडर, पानी की टोटियां व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
डॉ. सुधांशु चतुर्वेदी ने इसकी सूचना तुरंत थाना सेक्टर-24 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज को खंगाल कर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।