
Noida News (चेतना मंच)। फर्जी फर्मों का पंजीकरण कराकर जीएसटी रिफंड लेकर करीब 15 हजार करोड रुपए के फर्जीवाड़े में गिरफ्तार आरोपियों के चार और साथियों को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दिल्ली का एक प्रॉपर्टी डीलर व दो सिम विक्रेता भी शामिल हैं। इनके कब्जे से नोट गिनने की मशीन, बड़ी संख्या में एक्टिवेट व डिएक्टिवेट सिम व अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।
डीसीपी हरीश चंद्र ने बताया कि थाना सेक्टर-20 पुलिस ने गत दिनों फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी रिफंड लेने वाले गिरोह का खुलासा कर 8 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस ने इस गिरोह के सदस्यों को न्यायालय से रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो कई अहम सुराग हाथ लगे। आरोपियों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इस गिरोह के वांछित सदस्य रंजीत के रिश्तेदार गौरव, साहिल, विशाल व राहुल को गिरफ्तार किया है। इनके पास से नोट गिनने वाली मशीन, लैपटॉप, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एक्टिवेटेड सिम व अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं।
उन्होंने बताया कि पकड़ा गया गौरव दिल्ली का बड़ा प्रॉपर्टी डीलर है। इसके अलावा विशाल व राहुल इस गिरोह को फर्जी सिम उपलब्ध कराने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपियों से पूछताछ के बाद कुछ और अहम सुराग हाथ लगे हैं जिनके आधार पर जल्दी और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
आपको बता दें कि पुलिस ने गत दिनों इस गिरोह की महिला सदस्य सहित आठ जालसाजो को गिरफ्तार किया था। इस मामले में नोएडा पुलिस के साथ-साथ राज्य व केंद्र की जीएसटी की टीम भी जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के खातों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। अब तक की जांच में आरोपियों के कई खातों में लाखों रुपए का लेनदेन होने की जानकारी पुलिस को मिली है। आरोपियों ने फर्जी फर्म बनाकर जीएसटी रिफंड लेकर सरकार को करीब 15 हजार करोड रुपए का चूना लगाया है। Noida News