
Noida News (चेतना मंच)। उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर नोएडा, ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्र से चार किशोरिया संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। दो किशोरियों के परिजनों ने दो युवकों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है।
थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव में किराये पर रहने वाले राकेश (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी बीते 27 अक्टूबर को घर से बाहर गई थी इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उन्होंने टिल्लू सिंह निवासी जौनपुर पर अपनी बेटी के अपहरण का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। नोएडा के होशियारपुर गांव में रहने वाले मनोज (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 28 अक्टूबर को घर से विंडसो ग्रीन सोसाइटी में काम करने के लिए घर से गई थी उसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उसने सोसाइटी में भी जाकर अपनी बेटी के बारे में पूछताछ की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक 3 में हल्द्वानी गांव में रहने वाले अकरम (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि पड़ोस में रहने वाला दानिश नाम का युवक उनकी 17 वर्षीय बेटी को बहला फुसला कर भाग ले गया।
इसके अलावा थाना सेक्टर-39 में छालेरा गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिक बेटी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को की तलाश कर किशोरियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रेटर नोएडा में विवादित प्लॉट पर निर्माण कर रहे दबंगों को रोकना एक व्यक्ति को खासा महंगा पड़ा। आरोपियों ने उक्त व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसे पर जान से मारने के नियत से फायर कर दिया। पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ थाना ईकोटेक वन में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम अमरपुर निवासी ओमप्रकाश ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि बीते 27 अक्टूबर की देर रात्रि को गांव के ही राकेश, नरेंद्र पुत्र जीत सिंह, अंकित पुत्र राकेश, राम मोहित पुत्र मनोज अमरपुर गांव में बचत की जमीन पर निर्माण कार्य कर रहे थे। यह प्लॉट पूर्व से ही विवादित चला आ रहा है और जिसका मुकदमा सिविल कोर्ट में चल रहा है।
ओमप्रकाश के मुताबिक उसने निर्माण कर रहे लोगों से काम बंद करने को कहा तो सभी ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। जब उसने पुलिस को बुलाने के लिए फोन किया तो अंकित अपने घर से अवैध असलाह ले आया और उस पर फायर कर दिया। किसी तरह में जान बचाकर मौके से भाग निकला। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।