
Noida News : नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों बेरोजगार लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को थाना सेक्टर 63 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी गिरफ्तारी के डर से हर दो-तीन महीने में अपना ठिकाना बदल लेते थे।
एडीसीपी डॉ. राजीव दीक्षित ने बताया कि गत 6 अप्रैल को एक व्यक्ति ने मुकदमा दर्ज कराया कि जालसाजों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 1,35,000 रुपये ले लिए और naukri.com का फर्जी लेटर उसे दे दिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद थाना सेक्टर 63 प्रभारी अमित कुमार मान् ने सूचना के आधार पर स्काई गार्डन सोसायटी से निखिल चौहान, राहुल पांडे, आशीर्वाद मिश्रा व रिहान को गिरफ्तार किया। इनके पास से तीन लैपटॉप, 2 जीएसएम वायरलेस फोन, 5 स्मार्टफोन, तीन कीपैड फोन, 30 हजार रूपये नकद, naukri.com की फर्जी 14 रसीद आदि बरामद हुई।
पूछताछ में निखिल चौहान ने बताया कि वह 15 हजार रूपये देकर shine.com से अपनी आईडी बनवाता है। यह आईडी 2 माह के लिए वैध होती है। नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार युवक-युवतियों के रिज्यूम इस वेबसाइट पर अपलोड होते हैं। रिज्यूम से मोबाइल नंबर प्राप्त कर वह युवाओं को फोन कर अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। बेरोजगारों से पैसे लेने के बाद उन्हें naukri.com की फर्जी रसीद थमा देते थे। इसकी एवज में यह बेरोजगारों से मोटी रकम वसूलते थे।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पहले सेक्टर 63 में रहकर इस गोरखधंधे को चला रहे थे। पुलिस का शिकंजा कसने के कारण यह थाना बिसरख क्षेत्र के स्काईगार्डन सोसायटी में किराये पर मकान लेकर फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे थे। पकड़े गए आरोपी दो-तीन महीने में अपना ऑफिस बदल लेते, हैं जिससे वह पुलिस की गिरफ्त से दूर रहे।